Saturday 27 June 2020

कोरोना काल में चली गई एक बेरोजगार पत्रकार की जान



चंद्रशेखर। हमारे अजीज। हम सबके अजीज आज चल बसे। 4 दशक भी जी नहीं पाए। एक पत्रकार की जान चली गयी,  एक बेरोजगार की जान चली गयी। कोरोना काल ने उनसे नौकरी छीन ली थी।

ज्यादा दिन नहीं हुए थे जब एक संस्थान में नौकरी के लिए वे आए थे। उ्न्होंने मदद मांगी थी। किन्ही से कह देने का आग्रह बहुत संकोच करते-करते किया था। मेरी ओर से वह मदद भी नहीं हो पायी।

आप यकीन नहीं करेंगे, मगर यह सच है। लक्ष्मीनगर से चंद्रशेखरजी नोएडा सेक्टर 63 तक लगभग पैदल पहुंचे थे और लौटे भी थे। फोन पर उन्होंने मुझे बताया था कि कहीं एक जगह छोटी दूरी के लिए ऑटो पर बैठे थे। ऑटो वाले एक स्टॉप का किराया भी 50 रुपया मांग रहे थे। दिल्ली-यूपी बॉर्डर लॉक था। सो, पैदल ही चल पड़े थे।

एक तो नौकरी नहीं मिली। दूसरे, लौटने के बाद से ही अस्वस्थ हो गये जैसा कि मेरे एक अन्य मित्र ने आज मुझे बताया। इस बीच जब बीमारी बढ़ने लगी, आशंका होने लगी तो कोरोना का टेस्ट कराया। रिपोर्ट आने में तीन दिन लग गये। तब तक हालत बिगड़ती चली गयी। फिर लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती हुए। दो दिन पहले उनकी अपने इंडिया न्यूज के सहकर्मी से बात हुई। आज रात करीब 9 बजे मुझे उनके इस दुनिया को छोड़ देने की खबर मिली।

चंद्रशेखर जी ने जी न्यूज, फोकस ग्रुप, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, इंडिया न्यूज में काम किया। बहुत कम तनख्वाह में जीते रहे। देहात की पृष्ठभूमि। शुरुआत पीसीआर में काम करते हुए की। वे बताया करते थे कि अमीष देवगन भी उनके साथ पीसीआर में काम किया करते थे जो आज बड़े एंकर हैं। बाद में वे दोनों ही संपादकीय विभाग से जुड़े। पैकेजिंग के बेहतरीन व्यक्ति थे चंद्रशेखर जी। मगर, यही बात उन्हें सालती भी थी। उनकी लालसा रही कि उनकी पहचान संपादकीय के अच्छे व्यक्ति के रूप में बने। मैंने उनका जो कुछ भी सहयोग किया था, उसे वे बढ़-चढ़कर लोगों को बताया करते थे। यही तो अच्छे व्यक्ति की पहचान होती है।

चंद्रशेखर जी और उनकी पत्नी बस यही दो व्यक्ति उनके परिवार में थे। परिवार से संपर्क की कोशिश में हूं। निर्दयी, निष्ठुर दुनिया से उनका रुखसत होना मुक्ति पाने की तरह है। मगर,  इतना कह भर देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती।

जो व्यक्तिगत रूप से मदद करने की इच्छा रखते हैं, वे दिवंगत चंद्रशेखर जी की पत्नी के अकाउंट में राशि डाल सकते हैं।

Name - MS Anita Gupta
Account- 6023000100079260
IFSC- PUNB0602300
Mobile number-8447325870

[व़रिष्‍ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्‍लेषक प्रेम कुमार की फेसबुक वॉल से साभार]

No comments:

Post a Comment